


भिलाई नगर, 1 जून। जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में भिलाई की संयुक्त ट्रेड युनियन के आह्वान पर एटक, एचएमएस, सीटू, ऐक्टु, लोईमो, इस्पात श्रमिक मंच, स्टील वर्कर्स युनियन और इप्टा सहित अनेक संगठनों ने सिविक सेंटर चौराहा पर विरोध प्रदर्शन कर भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को तत्काल गिरफ्तार कर सक्त कार्यवाही की मांग की गयी है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने महिला उत्पीडन को समर्थन देने का केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

छत्तीसगढ़ इप्टा के अध्यक्ष मणिमय मुखर्जी ने कहा कि ओलंपियन महिला खिलाड़ियों का शोषण हुआ है जिसके विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रही खिलाड़ियों को बलात् हटाया गया है, यह पूर्णत: ग़लत और तानाशाही रवैया है। यौन शोषण का आरोप बृजभूषण शरण सिंह पर लगा है इसलिए उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर सभी लोग आज शाम भिलाई इकट्ठा हुए हैं और यह मांग कर रहे हैं।

सीटू के छत्तीसगढ़ राज्य कार्यकारी अध्यक्ष एसपी डे ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार यौन उत्पीड़न के मामले को केंद्र सरकार जिस तरह दबाने का प्रयास कर रही है, यह आने वाले समय में सरकार के दमन और शोषण के खतरे को जता रहा है। महिला पहलवान ने अपनी शिकायत की और जब कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने कहा तब भी आरोपी को जब बचाया जाने लगा तभी पहलवानों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। सरकार अपराधियों को गिरफ्तार करने की बजाय स्वेच्छाचारिता से काम कर रही है जो कि राजदंड प्रतीक है, जिसके हम ये लड़ाई लड़ रहे हैं। अब तक देश में बड़े बड़े मुद्दों पर हड़ताल और प्रदर्शन हुए हैं लेकिन मौजूदा सरकार की तरह किसी भी आंदोलन को दमन से दबाने का प्रयास किसी भी सरकार ने नहीं किया है।
