महमरा घाट, ठगडा बांध एवं नगर चौपाटी में ओपन कला मंच व डोम निर्माण की मांग, शहर में सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने विधायक-महापौर का ध्यानाकर्षण 

Share this

दुर्ग न्यूज, 28 जुलाई। छत्तीसगढ़ मंच ने शहर में सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने तथा कलाकारों की प्रतिभा को उभारने शहर के शिवनाथ नदी स्थित महमरा घाट, ठगड़ा बांध एवं नगर चौपाटी में ओपन कला मंच (डोम युक्त) निर्माण की मांग नगर विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल से की है। मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि पूर्व में छत्तीसगढ़ मंच द्वारा इन स्थानों पर डोमयुक्त ओपन कला मंच निर्माण की मांग विधायक से की गई थी जिस पर विधायक ने सहमति जताते हुए उक्त स्थल पर मंच निर्माण की घोषणा भी की थी। ज्ञात हो कि उक्त तीनों स्थल पर पिकनिक स्पॉट एवं चौपाटी बनने जा रही है जिससे शहरवासी अवकाश एवं फुर्सत के क्षणों में इन स्थानों पर अपना समय व्यतीत करने जाएंगे। उक्त स्थलों पर अगर मंच का निर्माण हो तो वहां पर सांस्कृतिक आयोजनों के अलावा गीत संगीत, नृत्य, धार्मिक,सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन होते रहने से शहरवासियों का भरपूर मनोरंजन होगा तथा समय भी अच्छे से व्यतीत होगा। शहर के सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ यहां के कलाकारों को भी बढ़ावा एवं प्रोत्साहन मिलेगा।

छत्तीसगढ़ मंच के संरक्षक तुलसी सोनी, विमलचंद तिवारी, दिनेश जैन, त्रिलोक सोनी, युनुस चौहान, संजय खंडेलवाल, हरीश सोनी, बाबू भाई ,गुरमीत सिंग भाटिया, मयंक सिंह, जवाहर सिंह राजपूत सहित अन्य लोगो ने विधायक एवं महापौर से उक्त स्थलों पर डोम युक्त ओपन कला मंच निर्माण किए जाने की पुनः मांग की है।

Share this
READ MORE  महिमा हॉस्पिटल को 20 बिस्तर की अनुमति और संचालन 57 बिस्तर का, औचक निरीक्षण बाद लगाया 20 हजार जुर्माना