दुर्ग न्यूज, 23 अगस्त। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कांग्रेस इस चुनाव में फिर से वापसी के लिए जी जान लगाने की तैयारी में है। अलग – अलग विधानसभा सीट से दावेदार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में प्रवेश करने वाले CSIDC अध्यक्ष और आदिवासी समाज के बड़े नेता डॉ नंदकुमार साय ने भी अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
नंदकुमार साय ने कांग्रेस सीट लैलूंगा विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है। डॉ. नंद कुमार साय ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को दावेदारी का आवेदन सौंप दिया है।
डॉ. नंदकुमार साय के कांग्रेस में प्रवेश करते ही चर्चा होने लगी थी कि आखिर नंद कुमार साय किस विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश करेंगे। वहीं अब उन्होंने अपनी मंशा साफ कर दी है कि वह लैलूंगा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। नंद कुमार साय आदिवासी समाज के बहुत बड़े नेता हैं और आदिवासी इलाकों में उनकी अच्छी खासी पकड़ है और अपने व्यक्तित्व की वजह से उनका काफी सम्मान भी करते हैं। ऐसे में नंद कुमार साय को पूरा भरोसा है कि लैलूंगा क्षेत्र से अगर टिकट मिलती है तो वे अच्छे खासे अंतराल से जीत दर्ज कर सकते हैं।
