
दुर्ग न्यूज़, 12 अक्टूबर। दुर्ग जिले के छावनी थानांतर्गत बीती रात आसामाजिक तत्वों ने गणेश चौक पर स्थापित माता पार्वती की प्रतिमा खंडित कर दी है। सुबह जानकारी लगते ही मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और 10 बजे तक हिन्दू संगठन और भारतीय जनता पार्टी के कई नेता मौके पर पहुंचे और इस घटना पर विरोध जताया है।

आपको बता दें कि भिलाई के संतोषी पारा कैंप-2 में स्थित मंदिर में आसामाजिक तत्वों ने मां पार्वती की मूर्ति का हाथ तोड़ा और वस्त्र भी हटा दिया। सुबह पूजा करने पहुंची महिलाओं ने घटना की सूचना मोहल्लेवासियों और पुलिस को दी। पूजा अर्चना कर महिलाओं ने दोबारा वस्त्र पहनाया और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। मौके पर एएसपी ग्रामीण अनंत साहू सहित अन्य अधिकारी थाना छावनी, जामुल, वैशाली नगर टीम के साथ पहुंचे। भाजपा नेता मुन्ना आर्य, अमर सोनकर, मंडल अध्यक्ष अशोक गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, प्रदीप गुप्ता, भोला साहू सहित हिन्दू संगठन और महिला वाहिनी के लोग भी पहुंच गए और इस घटना को धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की कोशिश करार देते हुए आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
भाजयुमो अध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि सुबह मूर्ति की हालत देख पुलिस को मोहल्ले वालों ने सूचना दी। दो वर्ष पूर्व भी इसी मंदिर में भगवान कृष्ण की प्रतिमा तोड़ दी गई थी। लगातार क्षेत्र में हो रही ऐसी घटनाएं सीधे तौर पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कुत्सित प्रयास है जिसका हम सभी पुरजोर विरोध करते हैं। पुलिस टीम मंदिर के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

