
रायपुर33 मिनट पहले

- कॉपी लिंक

रायपुर पुलिस ने सुनसान जगह पर नशा करने, संदिग्ध व्यक्तियों, गाड़ी में चाकू लेकर घूमने, खुले में शराब पीने, अड्डेबाजी और गुटबाजी करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। अब हर रोज ऐसे व्यक्तियों की पुलिस धर-पकड़ कर रही है। सभी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पेट्रोलिंग की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली और पॉक्सो एक्ट के मामलों में जांच तेज करने के निर्देश दिए।

दरअसल रायपुर पुलिस कुछ महीनों से एक्शन मोड में है। रायपुर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटना के बाद सरकार को कड़ी आलोचना सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी इसके लिए अफसरों को चेताया था। जिसके बाद SSP प्रशांत अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को हिदायत दी थी कि वे अपने थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में होने वाले अपराधों के लिए सीधे थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। जिसके बाद थाना पुलिस एक्टिव है।

पेट्रोलिंग बढ़ाई गई।
कार में जाम छलकाने वालों पर भी नकेल
अक्सर सुनसान इलाकों में चारपहिया वाहनों में शराब पीते लोग आसानी से दिख जाते हैं। चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कारों के शीशे चढ़ाकर शराब पीने वाले लोग भी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस इन कारों की भी चेकिंग कर रही है। इसके अलावा शराब पीने का स्थान उपलब्ध कराने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी।

थाना प्रभारियों की बैठक।
पॉक्सो एक्ट के मामलों में तेजी लाने के निर्देश
रायपुर के SSP प्रशांत अग्रवाल ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण विषय पर शुक्रवार को समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि थानों में दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामलों में तेजी लाए। पुलिस के प्रारंभिक जांच में होने वाले गलतियों में कमी लाए। साथ ही DNA टेस्ट कर इन प्रकरणों में अधिक से अधिक अपराधी को सजा दिलाएं।
