
० बर्थ-डे पर रील का जुनून, पुलिस ने दर्ज किया केस

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसका खतरनाक उदाहरण बिलासपुर में देखने को मिला। यहां एक युवती ने नेशनल हाईवे पर बीच सड़क बीयर उड़ाकर अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया और फिर चलती BMW कार की छत पर चढ़कर डांस करने लगी। इस पूरे स्टंट का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
बताया जा रहा है कि 27 मई की रात सकरी क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर यह पूरा घटनाक्रम हुआ। वायरल वीडियो में CG 10 CD 1416 नंबर की कार सड़क पर दौड़ती दिखाई दे रही है, जबकि युवती बीच सड़क पर खड़े होकर बीयर की बोतल खोलती और उसका स्प्रे उड़ाते हुए रील बनाती नजर आ रही है।

कार की छत पर चढ़कर किया डांस
हद तो तब हो गई जब युवती चलती कार की छत पर चढ़ गई और खतरनाक अंदाज में पोज देने लगी। हाईवे पर इस तरह की लापरवाही न सिर्फ खुद की जान बल्कि राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती थी।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर मंगला शुभम विहार निवासी प्रतीक लूथर को हिरासत में लिया। पुलिस ने BMW कार जब्त कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की है। वहीं कोनी थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ BNS की धारा 281 और 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और रील बनाने वाली युवती की पहचान कर उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
