परिवर्तन यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह, यात्रा का दुर्ग शहर भर में जगह जगह भव्य स्वागत

Share this

 

छत्तीसगढ़ के ठगने वाले भूपेश बघेल को सबक सिखाएगी जनता- रघुवर दास

दुर्ग न्यूज, 21 सितंबर। परिवर्तन यात्रा के माध्यम से प्रदेश भर में भ्रमण कर प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे प्रदेश स्तरीय नेताओं का परिवर्तन रथ आज दुर्ग शहर पहुंचा। साइंस कॉलेज के सामने जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा और भाजयुमो जिला अध्यक्ष जीत यादव के नेतृत्व में सैकड़ों बाइक पर सवार युवा मोर्चा कार्यकताओं ने भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारों के साथ परिवर्तन यात्रा की आगवानी की, आगे शहर भर में मंडल भाजपा और मोर्चा, प्रकोष्ठों की टीम ने यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया।

परिवर्तन यात्रा में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर झारखंड में राजनीति का डंका बजाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड रघुवर दास उपस्थित रहे, उनके साथ दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, सचिन सिंह बघेल, भाजपा प्रदेश मंत्री अवधेश चंदेल, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, रमशीला साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, जिला यात्रा प्रभारी चतुर्भुज राठी परिवर्तन रथ पर सवार रहे।

आमसभा में जनसमूह को छत्तीसगढ़ी भाषा में संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा बर्बाद होते छत्तीसगढ़ को बचाने के लिए भ्रष्ट, घोटालेबाज और कमीशनखोर भूपेश सरकार को सत्ता से बाहर कर विकास और सुशासन लाने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना जरूरी है, इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने परिवर्तन यात्रा निकाली है। परिवर्तन यात्रा के स्वागत में दुर्ग शहर में भाजपामय माहौल बना है, उससे छत्तीसगढ़ में परिवर्तन का संकेत स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

READ MORE  कामधेनु विश्वविद्यालय में मुर्गी पालन प्रबंधन एवं उद्यमिता विकास पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण 

सांसद विजय बघेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में उन्हें दुर्ग शहर की जनता ने अपार प्रेम देते हुए 60 हजार से भी ज्यादा वोटों से लीड दिलाई थी, आने वाले विधानसभा चुनाव में 2018 की तरह भुलावे में न आते हुए भारतीय जनता पार्टी पर पुनः विश्वास कर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी तो निश्चित रूप से कानून व्यवस्था की खराब स्थिति, भय और भ्रष्टाचार से छत्तीसगढ़ को मुक्ति मिलेगी।

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि दुर्ग विधायक अरुण वोरा और धीरज बाकलीवाल की जोड़ी ने दुर्ग शहर का बंटाधार किया हुआ है। दुर्ग शहर को संभाग मुख्यालय भाजपा ने बनाया, दुर्ग में यूनिवर्सिटी और आईआईटी की स्थापना भाजपा ने की। दुर्ग भिलाई को एजुकेशन हब बनाने के लिए भाजपा ने काम किया, दुर्ग विधायक अरुण वोरा कोई बड़ी उपलब्धि नहीं दिला सके बल्कि भाजपा के कामों में अपने नाम की पट्टिका लगाकर झूठा श्रेय लेते रहे, जिसे जनता समझती है। आरोप लगाया कि दुर्ग विधायक अरुण वोरा कांग्रेस के सभी निष्क्रिय और उदासीन विधायकों के सरदार हैं।

जनसभा के दौरान 50 से अधिक युवतियों ने कन्या शक्ति संयोजिका नम्रता बंसोड के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कर कमलों से भाजपा प्रवेश किया। पीली पगड़ी पहनकर युवतियों ने भाजपा जिंदाबाद का नारा लगाया और अगले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जिताने का संकल्प लिया। पार्टी में शामिल होने वाली इन युवतियों ने महिला आरक्षण से उत्साहित होकर भाजपा के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए सदस्यता प्राप्त की।

कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक और आभार प्रदर्शन जिला यात्रा प्रभारी चतुर्भुज राठी ने किया। मंच पर पूर्व विधायक एवं विधानसभा प्रभारी प्रीतम साहू, विधानसभा संयोजक कांतिलाल बोथरा, विधानसभा सहसंयोजक राजेंद्र कुमार, जिला यात्रा सह प्रभारी अरविंदर सिंह खुराना, राहुल गुलाटी, देवनारायण चंद्राकर सहित जिले के अनेक प्रमुख नेता शामिल रहे।

READ MORE  आज महिलाओं के खाता में आएगी एक हजार की पहली किश्त, भिलाई बैकुंठधाम में महतारी वंदन सम्मेलन 2 बजे से
Share this